मंगलवार, 25 जनवरी 2011

आकाश में उड़ने का सुख ! (कहानी )

                
            जैसे ही ऋतू ने करवट बदली फूलों का मौसम लगभग खत्म हो चूका था ! पेड़ की पत्तियां झड़ने लगी थी! कुछेक जर्द पत्ते शाखाओं से टूटकर जमींन पर गिरकर अपना अस्तित्व खोने लगे थे! कुछ दिनोंसे देख रही हूँ चिड़िया का जोड़ा पेड़ के कही आस पास दिखाई नहीं दे रहा था! शायद किसी सुदूर प्रान्त में चला गया हो, मैंने सोचा ! बड़े जतन से तिनके-तिनके को जोड़कर बनाया हुआ घोंसला अब तिनका-तिनका बिखर गया था घोंसले मे दिखाई दे रहे थे केवल कुछ अन्डो के टूटे-फूटे अवशेष मात्र, जैसे सब कुछ बिखर गया था पेड़ की दुर्दशा पर मेरी आँखें भर आई थी! यही पेड़ कभी कितना हरा-भरा लगता था! फूल पत्तियों से लदा हुआ! दूर तक फैली लम्बी शाखाएं और पेड़ पर था चिड़िया का घोंसला, भरा पूरा चिड़िया का परिवार मानो कल की ही बात हो !
              उस वर्ष बहुत जोरों की बारिश हुई थी बाढ  का पानी घरों मुहल्लों में घुस आया था! उस बाढ के पानी मे न जाने कहाँ किस जंगल के पेड़ का बीज बह कर आया होगा जो मेरे घर के पिछवाड़े की खाली ज़मीन में अंकुरित हो कर पौधा बना! मैंने अपनी जिद्द से उसे नष्ट करने से बचाया था! उपयुक्त खाद पानी, भरपूर स्नेह पाकर धीरे-धीरे पौधा पेड़ का आकार लेने लगा! मैं उसके प्रति कुछ ज्यादा ही संवेदनशील हो गयी थी! मेरे लिए वह एक मूक-पेड़ नहीं कुछ ज्यादा गहरा आत्मीय सम्बन्ध बनाया था मैंने  उसके साथ! उसके पास बैठकर उससे बातें करना अपना सुख दुःख बांटना मुझको बेहद अच्छा लगता! उसकी सघन छाया में बैठकर अपनी तन्हाई के अनगिनत पल बिताए थे मैंने! उसकी छाया में बैठे बैठे कितने  ही गीतों कविताओं का जन्म हुआ था! कुछ ही दिनों में उस पर छोटी-छोटी कलियाँ भी आने लगी थी लाल-लाल खूबसूरत फूलों से सारी शाखाएं भर गयी थी! उस पेड़ के फूल मुझे बहुत सुन्दर और अनूठे लगते थे! मैं अपनी कमरे की खिड़की से उस फूलों से लदे पेड़ को घंटो निहारती रहती! उसकी हर बात मुझे बहुत अच्छी लगती थी! वह मेरे लिए अद्वितीय पेड़ लगता था!
               एक दिन सुबह सुबह चिड़िया की चहचहाट से मेरी नींद खुल गयी! मैंने अपने कमरे की खिड़की जो की घर के पिछवाड़े खुलती है से देखा तो बस देखते ही रह गयी! नीले पंखों वाली खूबसूरत चिड़िया का जोड़ा आया था पेड़ पर! लगता है मेरे पेड़ पर रहने आया है! मैं मन ही मन बहुत खुश हुयी अब मेरा पेड़ भरा पूरा आबाद जो होने जा रहा था! रोज़ सुबह उठ कर चिड़ियों का दाना चुगने जाना, फिर सांझ ढलते ही पेड़ पर लौटना, उनकी हर छोटी सी छोटी गति विधियों को ध्यान से देखना, यही मेरा नित्य क्रम बन गया था! एक दिन कुछ जल्दी ही पेड़ पर लौट आया था चिड़िया का जोड़ा! चोंच में कुछ तिनको को साथ लिए हुए! न जाने रोज़ कहाँ कहाँ से इन तिनको को उठा लाते और फिर इन तिनकों को जोड़-जोड़ कर घोंसला बुनते शायद चिड़िया ने अपना परिवार बढाने की सोंची है! मै मन ही मन हंस लेती हूँ! इन तिनको को जोड़-जोड़ कर घोंसले का निर्माण करने वाली चिड़िया तब मुझे किसी कलाकार से कम नहीं लगी थी! घोंसला बुनते उन दोनों को बड़े ध्यान से देखते हुए सोंचती हूँ की हर प्राणी हर जीव की प्राणों की गहराई में ही कहीं छुपी होनी चाहिए नीड़ निर्माण की प्रबल आकांक्षा!
             इधर कुछ दिनों से मैं अपने काम में बहुत व्यस्त हो गयी थी बहुत दिनों तक उनकी खोज खबर नहीं ले पायी थी! उस दिन रविवार था, छुट्टी का दिन! मैं अपने सारे काम शीग्रता से निपटा कर अपने कमरे में आराम करने चली आई थी! अचानक कुछ शोर हुआ, चिड़ियों का जाना पहचाना शोर! चीर परिचित चिव-चिव-चिव-चिव का स्वर सुनाई देने लगा! किन्तु इन परिचित स्वरों में कुछ अपरिचित स्वर भी सम्मिलित थे! मैंने जिज्ञासा वश पिछवाड़े जाकर देखा, और देखकर दंग रह गयी थी! चिड़िया के दो छोटे-छोटे बच्चे निकल आये थे और घोंसले से झाँक झाँक कर शोर मचा रहे थे! चिड़िया का जोड़ा अपने चोंच में कुछ दाने लिए हुए था शायद इन्ही दानों की वजह से दोनों शोर मचा मचा कर आसमान सर पर उठा रहे थे! चोंच में चोंच डाल कर अपने बच्चों को दाना चुगाते उन माता पिता को बड़ी देर तक देखती रही भाव-विभोर सी होकर! बच्चे दिन-ब-दिन बड़े होते गए बहुत दिन बीत गए!
             आज पहली बार दोनों बच्चे अपने घोंसले से निकल कर बाहर आये थे! एक मजबूत शाखा पर आ कर बैठ गए! कुछ भयभीत से कुछ आश्चर्य विमुग्ध बाहर की दुनिया को आज पहली बार देखकर कुछ पल अचंभित रह गए थे! दोनों अब तक घोंसले से कभी बाहर नहीं निकले थे दोनों! माँ है कि ऊँची डाल बार बैठे गुहार पर गुहार दे रही थी! उड़ने के लिए उकसा रही थी! माँ कि गुहार सुन कर चिड़ियों ने अपने पंख थोड़े से फडफडाये किन्तु घोंसले कि सुरक्षा घर का मोह शायद उनको उड़ने से रोक रहा था! या फिर अपने पंखों पर अभी भरोसा नहीं आया था! पहले तो कभी पंख खोल कर नहीं उड़े थे! उनके मन में अनेक शंकाएं अनेक दुविधाएं, शायद उड़ेंगे भी या नहीं, हिम्मत जुटा नहीं पा रहे थे दोनों! उनकी इस दुविधा को देखकर माँ दूर से ही टेर पर टेर दे रही थी मैं सांस रोके इस दृष्य को देख रही थी! धीरे-धीरे चिड़ियों ने अपने पंख फडफडाये थोडा और उड़े, फिर थक कर बैठ गए शाखा पर, अब जाकर अपने पंखो पर थोडा भरोसा आया होगा! थोडा और हवा में पंख फडफडाये अब की बार थोड़ी ऊँची उड़ान भरी दोनों ने और फिर लौट आये वापिस अपने घौंसले मे! अब तो रोज़ रोज़ उड़ने लगे ऊँची से ऊँची डाल पर कूदने फांदने लगे जोर-जोर से शोर मचाने लगे अब तो पेड़ भी छोटा पड़ने लगा था दोनों को उड़ने के लिए! तब जाकर उन्हें आकाश में उड़ने की तमन्ना जाग उठी! फिर एक दिन सुबह के गए सांझ न लौटे वापिस घौंसले में! बहुत दिनों से देख रही हूँ पेड़ का सारा आकर्षण न जाने कहाँ चला गया था! चिड़िया का भरा-पूरा परिवार, बड़े जतन से तिनका-तिनका जोड़कर बनाया हुआ घौंसला सब कुछ बिखर गया था!
             मैंने अपनी नम हुयी आखों को पोंछते हुए दूर आकाश की ओर देखा! दूर-दूर तक फैला हुआ नीला आकाश, असीम अनंत आकाश, बड़ा रहस्यमयी लगा! अब भी कुछ पंछी आकाश में उड़ रहे थे उन उड़ते पंछियों को देखकर लगा सच-मुच आकाश में उड़ने का सुख ही कुछ ऐसा है जिसके लिए परिवार का मोह घोंसले की सुरक्षा त्यागनी ही पड़ती है और सबको एक न एक दिन यह करना पड़ता है जब पंछी तक हिम्मत जुटा लेते है तो फिर मनुष्य क्यूँ नहीं? मैंने सोंचा! आकाश में ऊँची उड़ान भरने के लिए कुछ तो कीमत चुकाई जा सकती है! या फिर चुकानी पड़ती है! और जो कोई इन कीमतों को चुकाता है वही पाता है कि आकाश सिमट कर बाहों में आ गया है! 
         
                                          ---- "यह कहानी मेरे दोनों बच्चों के लिए समर्पित है!"

मंगलवार, 7 दिसंबर 2010

हुक्के के धुएं में बर्बाद होता बचपन !

आज के छात्राओं में उन बेशुमार महँगी आद्तोंमे आज हुक्का गुडगुडाना आदत ही, नहीं बल्कि लत बनती जा रही है !हैदराबाद के शहर खासकर शैक्षणिक संस्थान वाले क्षेत्र में इन दिनों अनेक हुक्का सेण्टर अपना धंदा धड़ल्ले से चला रहे है ! गेम जोन, साइबर कैफे ,इन्टरनेट सेण्टर, पब आदि स्थानोपर भारी मात्रां में यूवा वर्ग खासकर टीनेजर कॉलेज छात्र अपने माँ बाप की गाढे पसीने की कमाई हुक्के के धुएं में उड़ाते हुए देखे जा सकते है !प्राप्त जानकारी के अनुसार इन हुक्का सेंटरों में विभिन्न फ्लेवरों की आड़ में जैसे ब्लैक बैरी, स्ट्राबैरी , आरेन्ज फ्लेवर, पान मसाला आदि फ्लेवरों में कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थ आसानीसे उपलब्ध करवाए जा रहे है !इन मादक पदार्थों से भरे हुक्का गुड़गुड़ाने के लिए १० से १५ मिनिट के १०००, रूपये से लेकर २,५०० हजार रूपये वसूले जा रहे है !कुछ दिन पूर्व विभिन्न सेंटरों पर पुलिस ने छापे मारकर वहां से ५० से ६० टीनेजर छात्राओ को हिरासत में लिया जो मजे से हुक्का गुडगुडा रहे थे इन छात्राओं को पुलिस थाने ले जाकर उनके अभिभावकों को बुलाकर उनसे सलाह मशवरा कर छात्रोंके भविष्य का ख्याल कर बिना कोई कारवाही किए छोड़ दिया गया इसके आलावा हुक्का सेंटरों के प्रबंधको को संबधित नियमों का पालन करते हुए नाबालिग बच्चों को प्रवेश न देने तथा हुक्का सेवन न करने देने की सक्त हिदायत दी गई पुलिस की इस चेतावनी के बावजूद छात्रओंकी भीड़ में कोई कमी नहीं है !
इन सेंटरोंके संचालक मौज मस्ती के नाम पर छात्रोंको प्रोत्साहित कर चंद पैसों के लिए अपना ईमान बेचकर स्टुडेंट्स को नशे का आदी बनाकर उनके उज्वल भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे है समय रहते इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाही नहीं की गई तो छात्रओंका उज्वल भविष्य हुक्के के धुएं में बर्बाद हो सकता है !

गुरुवार, 26 अगस्त 2010

बढती पॉकेट मनी मम्मी पापा का बिगड़ता बजट !!

इन दिनों मम्मी पापा की परेशानी बढ़ने लगी है कारण है बच्चों की दिन प्रति दिन बढती पॉकेट मनी !
मल्टी-नैशनल कंपनियों के चलते देश की आर्थिक व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है लोगों के वेतन कई गुना बढ़ गए है ! जैसे ही मम्मी पापा का वेतन बढ़ा मध्य वर्गीय परिवारों की आय में, जीवन शैली में बदलाव आ गया! घर में हर सुख सुविधा के साधन आने लगे! टीवी, कंप्यूटर, इंटरनेट, अब स्टेटस सिम्बल ही नहीं बल्कि ज़रूरत के साधन बन गए है जब मम्मी पापा का वेतन बढ़ा तो ज़ाहिर है बच्चों की पॉकेट मनी पर भी इसका असर पड़ने लगा! अब ५००-१००० से बच्चों का काम नहीं चल सकता! उनकी पॉकेट मनी में इन दिनों ३००० से लेकर ५००० तक का इजाफा हुआ है! इस बढ़ते पॉकेट मनी को लेकर कॉलेज गोइंग छात्र अमित और तन्नु का कहना है कि इन दिनों महेंगायी बढ़ गयी है पेट्रोल डीज़ल के दाम बढ़ गए है, खाने पीने कि वस्तुए महेंगी हो गयी है हमें अपने पॉकेट मनी में से सेल-फोन रीचार्गे कराना, कैंटीन जाना अपने दोस्तों में अपना स्टेटस मेंटेन करना पड़ता है ! ये दोनों सही कहते है ! चारों तरफ से लाइफस्टाइल का प्रेशर बच्चों के दिमाग पर पड़ने लगा है ! आज हर मध्य वर्गीय परिवार के बच्चे साईकिल कि जगह महेंगे बाईक्स या फिर लेटेस्ट मॉडेल की कार से जाना पसंद करते है! उनको ब्रेसलेट, बेल्ट, बैग, से लेकर लेटेस्ट मॉडेल के कपडे ब्रांडेड होना ज़रूरी समझते है उनको किताबों से ज्यादा ज़रूरी महेंगे मोबाईल फोन होना ज़रूरी समझते है! कॉफ़ी डे में बैठना, के.ऍफ़.सी , मेक डोनाल्ड में खाना पसंद करते है ! बड़े बड़े मॉल्स, शौप्पर्स स्टॉप की चमक धमक उनको अपनी ओर आकर्षित करने लगे है ! इन मॉल्स में बड़ी संख्या में कॉलेज छात्र इन दिनों खरीददारी करते हुए पाए जा सकते है! इस प्रकार से चारो ओर से लाइफस्टाइल का प्रेशर बच्चों के दिमाग पर पड़ने लगा है तो ५००-१००० रु की पोच्केट मनी कैसे बस होगी भला?
जो भी हो बढती महंगाई हो या फिर बच्चों की लापरवाह मानसिकता हो अच्छी खासी तगड़ी पॉकेट मनी का बोझ मम्मी पापा के वेतन पर भी पड़ने लगा है ! घर का बजट बिगड़ गया है!

रविवार, 22 अगस्त 2010

बहनों ने रक्षा का जिम्मा अब अपने ऊपर लिया है

कल राखी का त्यौहार है, रेडियो पर गीत बज रहा है राखी कहती है तुमसे भैय्या मेरे भैय्या रखना लाज बहन की ! दुनिया पूरी तरह से बदल चुकी है इस तरह के पुराने गीत भी अब विदा होने चाहिए ! बहनों ने अपनी रक्षा का जिम्मा अपने ऊपर लिया है वह अपने भाइयों के मुकाबले किसी भी बात में कम तर नहीं है! पढ़ लिख कर वह काबिल और स्वावलंबी बन कर अपनी ही नहीं अपने माँ बाप का सहारा बन रही है सुबह से श्याम देर रात तक हर क्षेत्र में काम करने की हिम्मत जताने लगी है! वह अपने भाइयों की दया पर जीना उनसे रक्षा की भीख माँगना अपना अपमान समजने लगी है ! सदियों पहले वह बेटी बन कर पिता के आश्रय में जवानी में पति के सरक्षण में बुढ़ापे में बेटों की रहमो करम पर जीती आई है! पर अब वह पढ़ लिख कर आर्थिक सम्पन्नता हासिल कर किसी की दया की पात्र नहीं बल्कि अपने हक के लिए लड़ना चाहती है! इन दिनों बहुत कुछ तेजी से बदल गया है! उसी अनुपात में रिश्तों में दरारे बढ़ गयी है! इसी बदलाहट के चलते बहन भाई के रिश्ते में वह बचपन वाली मिठास और स्नेह नहीं रहा है ! भले ही आज के माता पिताओं ने अपने बेटे और बेटियों ने कोई फरक नहीं समझते फिर भी भाई अपने बहन को हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धक समझता है! पढाई में अगर बहन उससे अव्वल है तोह उसे बहुत बुरा लगता है घर की हर वस्तुओं पर वह अपना एकाधिकार समझता है! अपनी बहन से कोई भी वस्तु अधिकार पूर्वक बल पूर्वक हासिल करना अपना हक समझता है! बेचारी बहन हमेशा अपनी तमाम इच्छाओं को दबाकर हालात से समझोता करना समझदारी समझती है भाई बहन के हर फैसले में अपने टांग लड़ाना ज़रूरी समझता है! बहन को किस कॉलेज में एडमिशन लेना है कोनसा विषय चुनना कोनसे कपडे पहनना सब कुछ वही तय करता है उसके कही आने जाने पर रोक टोक लगाना डरा धमका कर अपनी बात मनवाना जन्म सिद्ध अधिकार समझता है!
सदियों से भाई पैतृक संपत्ति पर अपना एकाधिकार समझता आया है अगर गलती से कोई बहन संपत्ति पर अपना हक जताती है तोह वह बहन से सारे रिश्ते नाते तक तोड्लेता है! कानून ने भले ही पैतृक संपत्ति पर समान अधिकार भले ही दिए हो किन्तु बहन अपना हक मांगे यह भाइयों को बिलकुल बर्दाश नहीं होता! एक दुसरे पर जान निछावर करने वाले भाई बहन पल भर में जान के दुश्मन तक बन जाते है आज ऑनर किल्लिंग के ज्यादा तर मामले हम सब के सामने है इस ऑनर किल्लिंग के जितने भी मामले है उनमे ज़्यादातर लड़कियों के हत्याए उनके भाइयों ने की हुई है! जिन बहनों ने रक्षा हेतु अपने प्यारे भाइयों के हातों पर राखी बाँधी होगी वाही हाथ अपने बहनों को जान से मारने में क्षण भर भी नहीं कामपे होंगे परिवार की इज्जत के नाम पर बहनों की निर्मम हत्याए करना उसको ऑनर किल्लिंग का नाम देना दरिंदगी, वहिशी पन नहीं तो और क्या है?
रक्षा बंधन सिर्फ एक दिन भाई की कलाई पर राखी बांधकर प्रेम जताने का त्यौहार नहीं बल्कि इस एक दिन के जरिये भाई बहन हमेशा एक दुसरे को यह एहसास दिलाते रहे की वे एक दुसरे की लिए कितने महत्त्वपूर्ण है! जिस प्रकार बहन अपने भाई की लम्बी आयु की उसके समृध्ही की भगवान् से प्रार्थना करती है भाई भी यह प्रण करे की अपने बहन को हर तरह से आज़ादी दूंगा! उसके सुख दुःख में सदैव सहयोग करूँगा उन तमाम सारी खुशिया उस पर लुटाऊंगा जिसकी वह हक़दार है तभी रक्षा बंधन का यह त्यौहार सार्थक बन सकता है!

रविवार, 15 अगस्त 2010

टीनेजर की नजरों में आजादी के मायने !

जिस तेज़ गति से दुनिया बदलती जा रही है उसी प्रकार हमारी जीवन शैली हमारा खान पान, रहन सहन जीने का अंदाज़ सब कुछ बदल गया है, उसी प्रकार आज़ादी के मायने भी बदल गए है! आज बच्चों को अगर हम आज़ादी के बारे में पूछेंगे तो उनका जवाब होगा- इधर उधर घूमना, देर रात तक टीवी देखना, फेसबुक पर घंटो लगे रहना, चाटिंग करते वक़्त पिज्जा, बर्गेर, चिप्स खाना कूल ड्रिंक्स पीना! जंक फ़ूड बच्चों का आज आम भोजन बन गया है! किसी भी बात में बड़ों की रोक टोक उन्हें पसंद नहीं! स्वछन्द जीवन जीने को वे अपनी आज़ादी समझने लगे है! टीनेज बच्चे शारीरिक मेहनत खेल कसरत से दूर होते जा रहे है! महा नगरों में बच्चों पर किये गए सर्वे बताते है कि अनेक बच्चे मोटापे का शिकार, ब्लड प्रेशर, दातों के रोगों से पीड़ित पाए गए है! बच्चों पर किया गए यहाँ सर्वे बताते है कि बच्चे चिड चिड़े, जिद्दी, आक्रामक होते जा रहे है! उनमे आत्मा विश्वास कि कमी पायी गयी है टीनेजर बच्चों में एक दुसरे का अनुकरण करने की होड़ सी लगी हुई है पब पार्टियों में जाना शराब पीना नशा करना इसी को वे आधुनिक ज़माने के मॉडर्न बच्चे समझने लगे है जीवन के प्रति उनका नजरिया एक दम बदल सा गया है अपनी इन महंगी आदतों को पूरा करने के लिए वे छोटे मोटे अपराध तक करने लगे है उनकी नज़र में मॉरल व्यालूस कोई मायने नहीं रखते माता पिता को यह समझ में नहीं आ रहा है की उनके बच्चे बड़े बड़े स्कूल कॉलेजों में महंगी फीज़ पर पढ़ कर भी बिगड़ क्यूँ रहे है ? आज बच्चे माँ बाप के बुढ़ापे का सहारा नहीं बल्कि सर दर्द बनते जा रहे है काम की व्यस्तता भाग दौड़ भरी ज़िन्दगी घर की अनेक समस्याएं माता पिता को चाह कर भी अपने बच्चों को घर में स्नेह पूर्ण वातावरण साफ़ सूत्री ज़िन्दगी नहीं दे पा रहे है !
मेरा अपना मानना है कि आज़ादी का मतलब स्वछन्द जीवन नहीं बल्कि मर्यादित जीवन हो तभी हम दुनिया में कुछ हासिल कर पायेंगे वर्ना जिस प्रकार एक कटी पतंग डोर से कट कर निरूद्देश भटक जाती है उसी प्रकार हम भटक सकते है इसलिए एक कुशल पतंग बाज़ अपने पतंग को ज्यादा ढील नहीं देता और ज्यादा खींच कर नहीं रखता उसी प्रकार हम मर्यादा कि डोर से बंध कर ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते है !
६४ वे स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सबको बधाई देते हुए यही कहना चाहती हूँ की आज़ादी हमारे लिए बेश कीमती है उसे विद्वंस करने में नहीं सृजन करने में लगानी चाहिए !
प्रत्येक माता पिता से विनती करती हु की बच्चे परिवार का अभिन्न अंग है उनसे बढ़कर दुनिया में कोई सम्पदा नहीं अपने बच्चों को प्यार से अपने पन से समझने और समझाने की ज़िम्मेदारी सिर्फ आपकी है वर्ना हमारे बच्चे आज़ादी की नाम पर स्वछंदता के नाम पर जीवन की इन भूल भुलय्या गलियों में भटक सकते है !

मंगलवार, 9 फ़रवरी 2010

" आधुनिक साहित्य "


भला बूंद की क्या औकात जो सागर के बारे में कुछ कह सके !


हिंदी साहित्य को चार भागों में विभाजित किया गया है - आदिकाल, भक्तिकाल, रीतिकाल, और आधुनिककाल ! हर काल में साहित्य का अपना अलग महत्व रहा है ! आज का युग वैज्ञानिक युग है ! इस आधुनिक युग में अद्वितीय चिन्तक वैज्ञानिक अभिनव क्रान्ति के प्रस्तोता "आचार्य रजनीश" जिनको सारा विश्व आज "ओशो" के नाम से जानते है ! उनका साहित्य आज के युग की ख़ास पसंद है ! उनका साहित्य ज्यादा से ज्यादा भाषाओँ में अनुवादित होकर सारे विश्व के कोने कोने में पहुँच रहा है ! पूना स्थित उनके आश्रम में हर साल दूर दूर के देशों से साधक आते है और अपने आप को ध्यान और साधना में डूबोते  है ! कठिन से कठिन विषय को भी सरल बना कर सरस शब्दों में समझा कर नीरस विषय को भी मनोरंजक बना कर श्रोताओं को बहला फुसला कर अपने लक्ष्य की ओर प्रोत्साहित करना सचमुच ओशो जैसे शिक्षक को ही साध्य है ! वे अपने विचार किसी पर थोपते नहीं बल्कि उनको अंतर दृष्टी देकर सही मार्ग पर चलने को प्रेरित करते है ! बुद्ध, महावीर, मोहम्मद, जेसस, अष्टावक्र, कृष्ण, संत महात्माओं पर उनके अनेक प्रवचन प्रचलित है इतना ही नहीं राजनैतिक सामाजिक समस्याओं पर प्रकाश डाला है !
मजेदार बात यह है कि उनहोंने लिखा नहीं अपने शिष्यों प्रेमियों द्वारा संकलित किया हुआ है ! शिष्य और सद्गुरु के बीच बोला गया संभाषण है जैसे अभी सुबह सुबह खिले हुए ताज़े फूल !
ओशो का मतलब ओशोनिक (oceanic) याने कि सागर ! एक ऐसा महासागर जिसके गर्भ में भिन्न भिन्न अमूल्य रत्न भरे पड़े है ! यह महासागर कभी बुद्ध जैसा शांत गंभीर दीखता है तो कभी कभी रौद्र रूप धारण कर समाज में फैले अंधविश्वासों, झूठी परम्पराओं, पाखंडों को तेज रफ़्तार से बहा ले जाता है !
आज से पच्चीस साल पहले ओशो कि एक पुस्तक मेरे हाथ में पड़ी ! इस पुस्तक को मैंने पढ़ा तो फिर उनको पढ़ती ही गयी जैसे जैसे घर में विरोध बढता गया वैसे वैसे उनसे लगाव भी बढ़ता गया अंततः प्रेम कि जीत हुई ! आज मेरे घर में सभी उनसे प्रेम करते हैं उनके साहित्य को चाव से पढ़ते है ! उस महासागर कि मैं एक छोटी सी बूंद हु भला बूंद कि क्या औकात जो सागर के बारे में कुछ कह सके ! मैंने उस सागर को चखा है आप सब से एक बार चखने के लिए अनुरोध करती हूँ ! फिर आप आप नहीं रहेंगे बदल जायेंगे ! जीवन को देखने का दकियानूसी अंदाज़ भी बदल जाएगा ! उस प्यारे सदगुरु ओशो के चरणों में समर्पित मेरी यह रचना शायद आपको भी पसंद आ जाये !
" जब तुमसे प्रेम हुआ है "
तुमको अपना हाल सुनाने
लिख रही हु पाती
प्रिय प्राण मेरे
यकीन मानो
अपना ऐसा हाल हुआ है
जबसे मुझको प्रेम हुआ है !
जग का अपना दस्तूर पुराना
चरित्रहीन कहकर देता ताना
बिठाया चाहत पर
पहरे पर पहरा
नवल है प्रीत प्रणय कि
कैसे छुपाऊं
ह्रदय खोल कर अपना
कहो किसको बताऊँ
अपना भी जैसे
लगता पराया है
जबसे मुझको प्रेम हुआ है
कौन समझाए इन नैनों को
बात तुम्हारी करते है
पलकों पर निशिदिन
स्वप्न तुम्हारे सजाते है
जानती हूँ स्वप्नातीत
है रूप तुम्हारा
मन-प्राण मेरा
उस रूप पर मरता है
जबसे मुझको प्रेम हुआ है
तुम्हारी याद में,
तुम तक पहुंचाने को
नित नया गीत लिखती हूँ
भावों कि पाटी पर प्रियतम
चित्र तुम्हारा रंगती हूँ
किन्तु छंद न सधता
अक्षर-अक्षर बिखरा
थकी तूलिका बनी
आड़ी तिरछी रेखाएं
अक्स तुम्हारा नहीं ढला है
जबसे मुझको प्रेम हुआ है !