रविवार, 18 अगस्त 2013

जीवन क्या है ? चाय की प्याली !

सुबह कभी अख़बार देर से आता है तो कुछ लोग बड़े परेशान, बेचैन हो जाते है ! सुबह का अख़बार और सुबह की चाय इन दोनों का हमारे जीवन में बडा गहरा नाता बन गया है इनके बिना लगता है जिंदगी अधूरी और फीकी-फीकी सी है ! फिर राजनितिक मुद्दों पर बहस, चर्चाये व्यर्थ की बकवास करने में सुहानी सुबह उनके हिसाब से तभी सार्थक हो जाती  है !

आपको पता है झेन गुरु सुबह की चाय भी मजे से ध्यान में पीते है उनके लिए चाय भी महज चाय नहीं है, बहुत महत्वपूर्ण बात है ! एक ऐसे ही झेन गुरु सुबह की अपनी चाय पी रहे थे इतने में एक आगंतुक ने उनसे पूछा, जीवन क्या है ? लगता है आने वाला कोई बहुत बड़ा विचारक रहा होगा, गुरु ने कहा   … "चाय की प्याली" आगंतुक को बड़ा आश्चर्य हुआ यह कैसा जवाब है ? चाय की प्याली ! उसने कहा मैंने बहुत सारी किताबे पढ़ी पर ऐसा जवाब कही नहीं मिला यह भी कोई बात हुई भला ? मै आपके इस जवाब से राजी नहीं हो सकता ! गुरु ने कहा, तुम्हारी मर्जी राजी हो या मत होना ! जीवन की प्याली को चाहे चाय की प्याली कहो, अथवा चाय की प्याली मत कहो क्या फर्क पड़ता है !जीवन विराट है और हमारी बुद्धि जीवन की अपेक्षा में बहुत ही छोटी है ! एक नहीं दो नहीं यक्ष सवाल हमारे दिमाग में रोज मचलते रहते है और जवाब एक भी सटीक नहीं मिलता ! तब हम कुछ जवाब रट लेते है और समझते है कि, 
जवाब सटीक दिए है, नतीजा ? जिवंत सवाल और मुर्दा जवाब ! 

जीवन की सार्थकता सवालों को सुलझाने में नहीं पल-पल जीवन के अनुभव से गुजरने में है,हंसी,ख़ुशी से जीने में है, सबके साथ इस अनुभव को बांटने में है ! अनुभव भरी अभिव्यक्ति पर कभी कूड़ा, कचरा कहकर निंदित मत करो जो अपने विचारों का सम्मान करता है वही दूसरों के विचारों का सम्मान कर सकता है !सम्मान और अहंकार बहुत भिन्न बाते है स्मरण रहे ! 

जीवन यदि कोई सवाल होता तो हमने अब तक इसका जवाब दर्शन शास्त्र में खोज लिया होता ! जीवन को जब तक जियेंगे नहीं जानेगे कैसे कि, क्या है ? फिर कैसे सवाल कैसे जवाब, जीवन न सवाल है न जवाब है मेरे हिसाब से रोज एक नये अनुभव से गुजरने का नाम जीवन है !

सोमवार, 12 अगस्त 2013

ऐलिस इन वंडरलैंड ….

 ऐलिस भाग रही थी परियों के देश जाने के लिए ! जहाँ कल्पवृक्ष होगा, खाने को बहुत सारे पकवान,मिठाइयाँ,बहुत से प्रकार के फल जो कभी उसने सपने में भी देखे नहीं थे,मीठे पानी के झरने आहा स्वर्ग सा आनंद क्या कुछ नहीं मिलेगा वहां ? वह भागती गई भागती गई आखिर परियों के देश पहुच गई  … उसने देखा दूर कल्पवृक्ष की छाया में परियों की रानी खड़ी मुस्कुरा रही है और उसे पास आने के लिए इशारा कर रही है ! उसने अपने आस पास देखा कितना सुन्दर है परियों का देश बिलकुल मेरे देश से अलग,वह सब है यहाँ जिसकी उसने कभी कल्पना की थी ! इसीलिए तो जमीन से स्वर्ग तक आने के लिए बड़े प्रयास किये है ! सूरज उग रहा था वह परियों की रानी की दिशा में भागने लगी, सुबह से दोपहर हो गई भागते-भागते उसने खड़े होकर देखा अभी भी रानी और उसके बीच में उतने का उतना ही फासला है !भूखी प्यासी ऐलिस थक गई थी उसने जोर जोर से चिल्लाकर रानी परी से कहा "मै थक गई हूँ भागते-भागते लेकिन अभी तक तुम तक पहुँच नहीं पायी क्या बात है रानी परी "? 

रानी परी ने कहा,सोचो मत, जो सोचता है फिर वह दौड़ नहीं पाता इसलिए सोच म़त बस दौड़ती चलो घबराओ मत, दौड़ो जरुर पहुँच जाओगी ! ऐलिस फिर से दौड़ने लगी सूरज ढलने लगा साँझ से रात होने लगी दौड़ते-दौड़ते उसने फिर चिल्लाकर पूछा रानी परी से "रानी परी यह कैसी समस्या है दौड़ते दौड़ते थक गई हूँ अब तो साँझ से रात भी होने लगी है फिर भी तेरे मेरे बीच फासला ज्यों का त्यों बना हुआ है ! रास्ता अभी भी उतने का उतना ही पार करना है !यह मामला क्या है ? यह कैसी तुम्हारी दुनिया है जहाँ कितना ही कोई दौड़े रास्ता कभी ख़तम ही नहीं होता ? रानी परी ऐलिस की बाते सुनकर हंसने लगी, उसने कहा पागल लड़की किसी भी दुनिया में कोई कितना भी दौड़े कहीं नहीं पहुंचता ! कोई भी रास्ता कभी पूरा नहीं होता, जो भी पाना था  उसके पीछे दौड़ते दौड़ते एक दिन खड़े होकर देखोगी तो फासला उतना ही रहेगा जहाँ से शुरू किया था !

आज मै भी इस वंडरलैंड की ऐलिस बन गई हूँ ! शब्दों के पीछे दौड़ते दौड़ते थकान सी महसूस होने लगी है ! रुकने का मतलब है फिर से कोई तनाव पाल लेना ! दौड़ने का मतलब है बहुत सारा तनाव पाल लेना ! तय नहीं कर पा रहीं हूँ कि क्या करू ? यह कैसी दुनिया है फंतासियों की ? यह कैसा शब्दों का जादुई सम्मोहन है जिससे दूर रहा नहीं जाता !क्या जिंदगी के बासीपन से दूर रखने के लिए हमेशा इसी प्रकार से खुद को गतिमान रखे ? नकारात्मक उर्जा के पनपने के डर से,साफ सुथरे विचारों की अभिव्यक्ति कर ,सकारात्मक उर्जा स्त्रोत से जुड़े रहे ? क्या करे, कोई समाधान है ? क्या  इस ऐलिस के लिए इस वंडरलैंड के किसी रानी परी के पास इन सब प्रश्नों का कोई सटीक जवाब है   …. ??




बुधवार, 7 अगस्त 2013

मौसमी फूल …

कुछ फूल 
मौसमी होते है 
जो विशेष मौसम 
में ही पौधों पर  
खिलते है 
अपने रूप,रंग,
गंध से माली को 
ही नहीं, भौरों,
तितलियों को 
आते-जाते राह 
पथिकों को अपने 
सौन्दर्य से पल भर 
आवाक कर 
देते है  … !
कुछ फूल पौधों पर 
सदाबहार खिलते है 
अपनी विशेष 
खुशबु से भौरों,
तितलियों को 
आकर्षित तो करते 
ही है लेकिन 
आस पास के 
सारे परिसर को 
प्रदूषण मुक्त भी  
रखते  है  … !
इन,
मौसमी फूलों का 
पौधों पर खिलना 
सदाबहार फूलों का 
सदाबहार होना 
क्या इसे प्रकृति की 
भूल माने या की 
चमत्कार  …. ??

गुरुवार, 1 अगस्त 2013

"दो और दो पांच"

शिक्षा मन पर 
भार नहीं
अहंकार का
बोझ न हो 
चाहिए थी 
एक ऐसी ही 
पाठशाला मुझको 
खेल-खेल में 
समझाये सबको
मित्रों, 
जीवन भी एक 
खेल ही है 
कोई गोल करता है 
कोई आउट होता है 
ऐसा क्यों होता है ?
वैसा क्यों होता है ?
बेमानी सब तर्क है 
जीवन कोई गणित
है क्या ?
जिसे तर्कों से 
हल किया जा सके 
बिना प्रतिस्पर्धा के 
हार-जीत के बिना 
जीवन एक खेल 
है खिलाडियों का 
जिसमे दो और दो 
चार नहीं 
भी होते है   …

शनिवार, 27 जुलाई 2013

मुझे गर्व है अपनी इन होनहार बेटियों पर ...


भारत के कुछ प्रसिद्ध शास्‍त्रीय नृत्यों में भरतनाट्यम एक नृत्य है इसके बारे में जानकारी आप सब जानते ही है ! अलग से कहने की कोई आवश्यकता नहीं है, प्रत्‍येक नृत्य का संबंध देश के विभिन्‍न प्रदेशों से है लेकिन इन की जड़े कही गहरे तक हमारे भारत की प्राचीन परंपराओं से जुडी है !

हमारे देश के बाहर भी इन परंपराओं का योग्य प्रचार प्रसार होता देख कर मन को संतोष होता है ! और हमारी उन्नत प्राचीन संस्कृति के प्रति गर्व होता है, ऐसी ही एक संस्था अमेरिका के अटलांटा में है जिसका नाम है Kruti Dance Academy इस संस्था की संचालिका है जानी मानी नृत्यांगना  Mrs.Dina Sheth, she is the founder and director of Kruti Dance Academy, Atlanta’s most renowned and prestigious Indian Dance institution. She has been teaching Indian classical, folk and contemporary dance for over 25 years. Under her guidance 74 students have completed Arangetram the pinnacle exhibition of the mastery of Bharatanatyam.

इस नृत्यांगना के पास बचपन से भरतनाट्यम सिख रही उनकी प्यारी शिष्यायें कुमारी विदिशा और विशाखा है जो की मेरी बहन विद्या विनायक होलसंबरे की बेटियाँ है ! वहां के Roswell Cultural Arts Center में इन दोनों बच्चियों का  August 3rd को Arengetram है !

आज ही आया है निमंत्रण , विद्या ने मुझे बहुत ही प्यार से प्यारा सा  इनविटेशन कार्ड भेज दिया है अमेरिका आने के लिए ! विद्या मेरी सबसे प्यारी छोटी बहन ही नहीं मेरी दोस्त सब कुछ है ! मै इस उत्सव पर जाऊं या न जाऊं क्या फर्क पड़ता है लेकिन सदैव मेरी हार्दिक शुभकामनायें उसके साथ,उसके परिवार के साथ है और हमेशा रहेंगी ! आप सबसे भी यह खुश खबरी साझा करना चाहती हूँ और हमारी शास्त्रीय नृत्य परंपराओं को विदेश में भी प्रसार कर रही इन प्यारी बेटियों के लिए आप सबसे आशीर्वाद चाहती हूँ ! मुझे गर्व है अपनी इन होनहार बेटियों पर जो अपने माता-पिता का नाम ही नहीं बल्कि विदेश में रहकर नृत्य कला से अपने देश का नाम भी ऊँचा कर 
रही है ! 

रविवार, 21 जुलाई 2013

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ....

हमारे शास्त्रों में गुरु का विशेष महत्व बताया गया है ! माता-पिता, शिक्षक, मित्र यह सब हमें पूज्यनीय और गुरु समान है इनके सहाय्यता के बिना हम आज कुछ भी नहीं होते ! हमारे व्यक्तित्व निर्माण में इन सबकी महत्वपूर्ण भूमिका है ! व्यक्तित्व निर्माण में यह सब लौकिक गुरु नीव की तरह है तो अध्यात्मिक सद्गुरु शिखर के समान है !

यदि दृष्टिदोष हुआ हो तो हम क्या करते है ? जाहिर सी बात है हम किसी अच्छे नेत्र चिकित्सक के पास जाते है ! यदि दृष्टिकोण ही बदलना हो, तब तो कोई मनोवैज्ञानिक, दार्शनिक, तत्व चिंतक सद्गुरु ही काम आते है ! सद्गुरु ध्यान रूपी शल्य चिकित्सा पद्धति से हमारे दृष्टिकोण को न सिर्फ तराशता, निखारता है बल्कि जीवन को देखने का अंदाज ही बदल देता है ! आप के मन में यह प्रश्न आ सकता है कि, हमारे दृष्टिकोण को बदलने की क्या जरुरत है अच्छी खासी तो है ! नहीं, अच्छी खासी होती तो हम यूँ अधूरे-अधूरे न  जीते न जीवन में निराश,दुखी, तनाव में होते !

सद्गुरु उस शांत-शीतल सरिता के समान है जिसके किनारे बैठ कर, जिसे सत्संग भी कहा जाता है ... फिर से हम अपनी प्राकृतिक निर्विकार, निश्छल, चेतना को पाया जा सकता है स्वस्थ हुआ जा सकता है  जिसके बिना यह जीवन, यह सब उपलब्धिया अधूरी सी है! आईये, आज के दिन इस गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हम भी हमारे ह्रदय रूपी ज्योति कलशों में सद्गुरु की अनुकंपा भर लेते है और पोर-पोर नहा लेते है …! 

बुधवार, 17 जुलाई 2013

आखिर उनके दुकानों का सवाल जो है .....!!

यह कहानी है तो पुरानी  पर आज भी मुझे प्रासंगिक लगती है  ! हुआ यूँ की एक छोटे से गांव में एक विचारक रहता था  ! एक दिन सुबह-सुबह वह उस गांव के तेली के पास तेल खरीदने गया था  ! तेली अपने दुकान पर बैठा तेल बेच रहा था  और दुकान के पीछे ही तेली का बैल कोल्हू को चला रहा था  !विचारक ने तेली को तेल देने के लिए कहा , तभी उसने देखा कि तेली का बैल कोल्हू चला रहा है लेकिन उसे चलाने वाला कोई नहीं था बैल खुद अपने आप चल रहा था  ! विचारक को बड़ा आश्चर्य हुआ , उसने तेली से पूछा कि , "कमाल है बिना आदमी के चलाये कैसे यह बैल अपने आप चल रहा है " ऐसा आश्चर्य मै पहली बार देख रहा हूँ  ! ऐसी कौनसी तरकीब अपनाई है आपने  ? बड़ा स्वामि भक्त लगता है आपका यह बैल  ! विचारक की बात सुन कर तेली जोर से हंसते हुए कहा ..."यह बैल अपने आप स्वेच्छा से नहीं चल रहा है इसमे मेरी बढ़िया तरकीब काम कर रही है देखते नहीं हो, मैंने इसके आँखों पर पट्टी बांध रखी है  !इसलिए बैल को दिखाई नहीं देता की पीछे कोई है भी या नहीं है  ! वो यह मानकर चल रहा है कि पीछे कोई है उसे हांकने वाला "!  
विचारक ने तेली की बात सुनकर कहा ..."लेकिन बैल कभी रूककर भी तो जाँच कर सकता है कि कोई पीछे है या नहीं है , कभी जाँच नहीं करता क्या  ? बड़ा विश्वासु और श्रद्धावान लगता है यह आपका बैल  "! विचारक की बात सुनकर तेली ने कहा ....बात श्रद्धा और विश्वास की नहीं है , देखते नहीं हो , मैंने उसके गले  में घंटी बाँध रखी है इसलिए वह चलता रहता है घंटी बजते रहती है और मुझे घंटी की आवाज से पता चलता है कि बैल चल रहा है  ! जब भी बैल थककर रुकता है तो घंटी की आवाज नहीं आती तब जाकर  मै तुरंत हांक देता हूँ  बैल फिर से चलता रहता है और बैल को भी हमेशा यह ख्याल बना रहता है कि पीछे कोई है हांकने वाला , और घंटी की आवाज से मुझे पता चलता है कि बैल चल रहा है  !
लेकिन तेली की तर्कों को हमारे विचारक कहाँ मानने वाले थे , सो विचारक ने फिर से यह प्रश्न किया कि , "मान लीजिये कभी बैल एक जगह खड़ा रहकर भी तो अपनी गर्दन हिला सकता है और घंटी बजती रहती है इस प्रकार आपको धोखा भी तो दे सकता है ,तब क्या करते हो आप " !
विचारक के तर्कपूर्ण  बाते  सुनकर तेली को बड़ा गुस्सा आ गया और गुस्से से कहा ....."ओ महाशय  जल्द से जल्द  यहाँ से तशरीफ ले जाइये ....किसी दुसरे दुकान पर जाकर तेल खरीद लीजिये अगर मेरे बैल ने आपकी बाते सुन ली तो गजब हो जायेगा मेरी दुकान  बंद हो जाएगी ...इस बैल की वजह से ही तो मेरी रोजी-रोटी 
चलती है  !
मुझे यह कहानी पढ़कर ऐसा लगा कि ,सीधे साधे लोगों की आँखों पर पट्टी बांधकर गले में अंधविश्वास की घंटी  बांधकर उनका शोषण करना कितना आसान काम है न , आजकल तो यही हो रहा है ...इसी कारण तो उनकी दुकाने चल रही है , यदि कोई उस विचारक की तरह प्रश्न करे तो नास्तिक कहकर उसे भगा दिया जाता है आखिर उनके दुकानों का 
सवाल जो है .....!!