रविवार, 13 जनवरी 2013

पतंगाची उडान ....

मित्रो, आज मकर संक्रांति है, देश के विभिन्न प्रान्तों में इस पर्व को अलग-अलग नामों से मनाया जाता है! मराठी में भी इसका ख़ास महत्व है! आईए आज एक ख़ास मेहमान से आप सबसे मिलवाती हूँ!

है तो यह मेरे भाई, मार्गदर्शक मित्र इसके आलावा एक बढ़िया ब्लागर भी  है ! लिखते तो है अंग्रेजी में, पर मराठी हम दोनों की मातृभाषा है इसलिए कभी जायका बदलने के लिए मराठी में भी लिखना होता है  आज इस पर्व के निमित्त कुछ मराठी में फेसबुक पर  उनका लिखा मुझे बहुत सुन्दर और सरल लगा  आपसे साझा कर रही हूँ ....वैसे मराठी हिंदी से काफी मिलती जुलती है आप भी इस माँ और मासी जितने अंतर को जरुर समझ जायेंगे पढ़कर ....तो फिर मजा लीजिये उनकी मराठी रचना का !
 
मकर संक्राति की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ ....!!


शुक्रवार, 11 जनवरी 2013

बदलाव ....

आश्रम में तोड़ फोड़ 
शिविर में लगाई आग 
विरोध के दौरान 
थोडा धैर्य रखिए 
हो रहा बदलाव ...!

        ***
तब उस विंडो के सामने 
खड़े रहने की थी मनाई 
अब इस विंडो के सामने 
दिन-रात बैठने आजादी 
क्या यह बदलाव नहीं ...?

शनिवार, 5 जनवरी 2013

भूख की बीमारी ....( लघु कथा )


एक युवक अक्सर बीमार रहता, बीमारी ही कुछ ऐसी थी ! भूख की बीमारी ! उसे दिन रात भूख ही भूख लगती ...वैसे देखा जाय तो, बीमारी भी कुछ खास नहीं थी ! भूख तो प्राकृतिक थी दरअसल उसने भोजन के विरोध में बहुत सारी बाते गलत सलत सुन ली थी ! किताबों में पढ़ लिया था कि, उपवास करना पूण्य है ! जितना वह भोजन के बारे में सोचता भूख उतनी ही तीव्र होती ! जीतनी भूख को दबाने की कोशिश करता भूख उतनी ही परेशान करने लगती ! बड़ी मुश्किल में पड़ गया था वह कभी कभी लगातार खाते ही रहता तो कभी उपवास करता कई दिनों तक ! जब ज्यादा खा लेता तो पश्चात्ताप करता क्योंकि ज्यादा भोजन करने की तकलीफ झेलनी पड़ती उसे  चौबीस घंटे भोजन के बारे में सोच सोच कर विक्षिप्त सा हो गया था वह ! आखिर घरवाले  भी उसके इस बीमारी से परेशान हो गए थे ! उसका शारीरिक मानसिक स्वास्थ्य दिन ब दिन गिरता ही जा रहा था ! घरवालों ने आखिर उसे डाक्टर को दिखाया ! डाक्टर ने जाँच पड़ताल कर कहा कि, घबराने की कोई बात नहीं यह कोई खास बीमारी नहीं जिसका इलाज संभव न हो, किसी अच्छे हिल स्टेशन पर चले जाओ हवा पानी के बदलाव से तुम जल्द ही ठीक हो जाओगे डाक्टर ने कहा !

सलाह के अनुसार वह एक पहाड़ पर गया वहां हिल स्टेशन के एक कमरे में रहने लगा ! एक दिन उसकी पत्नी ने सोचा कि, शायद उसका पति हिल स्टेशन पर जाकर भोजन की बीमारी से मुक्त हो गया होगा, उसने ख़ुशी-ख़ुशी बहुत सारे फूल उस पहाड़ पर भिजवाये और साथ में एक पत्र लिखा कि, मै बहुत खुश हूँ और उम्मीद करती हूँ कि, तुम बहुत जल्द वहां से स्वस्थ होकर लौटोगे ! मेरी शुभकामनायें तुम्हारे साथ है ! यह सुन्दर फूल भेज रही हूँ तुम्हारे लिए प्रेम सहित !

दुसरे दिन पत्नी के सेल फोन पर उसका मैसेज था ...लिखा था .."मेनी-मेनी थैंक्स फॉर दी लवली फ्लावर्स, दे आर सो डिलीशियस " !

शुक्रवार, 28 दिसंबर 2012

उसे भुलाने के लिए ...


मैंने,
उसे भुलाने के लिए 
क्या कुछ नहीं किया 
गीत लिखने का लिया 
सहारा 
बार-बार शब्द बदले 
कई बार भाव बदले 
लेकिन लिखते-लिखते 
हर बार गीत उसीका 
निकला ....

फिर मैंने,
उसे भुलाने के लिए 
चित्रकारी का लिया 
सहारा 
बार-बार रंग बदले 
कई बार तुलिका बदली 
दिल के कैनवास पर 
रेखाएँ बनाते-बनाते 
हर बार चेहरा उसीका 
निकला ....

फिर मैंने,
उसे भुलाने के लिए 
ध्यान,योग साधन 
अपनाया 
सब राग रंग त्यागा 
बार-बार मुद्राएँ बदली 
कई बार आसन बदले 
ध्यान लगाते-लगाते 
अब क्या बताऊँ ?
वो ध्यान भी उसीका 
निकला ....

सब कुछ मुमकिन है 
दुनिया में लेकिन
कितना नामुमकिन है
मन के मीत को 
भुला पाना !

रविवार, 23 दिसंबर 2012

Sudha Pemmaraju Rao


"Suman ji I am hesitant to write in Hindi because my spoken and written Hindi is not so "Shuddh" but I can read and understand every word you write ...and I can "feel'' the depth and beauty of your writings   They resonate with my own feelings !"

सुधा जी,
आपकी जैसी प्यारी दोस्त और मेरी पोस्ट को पढकर गहराई से महसूस कर अपने दोस्तों के साथ शेअर करने वाली पाठक मुझे फेसबुक पर मिली है इससे ज्यादा एक रचनाकार के लिए ख़ुशी और क्या हो 
सकती है ? शुद्ध हिंदी की फ़िक्र मत कीजिये ....भावनाएं अगर सुन्दर सरल हो तो भाषा कोई मायने नहीं रखती सरलता से पाठक के  ह्रदय तक पहुँच ही जाती है बशर्ते कि, पाठक अपने ही विचारों से भरा हुआ न हो तो, मेरा पढाई का माध्यम मराठी है फिर भी हिंदी मुझे बहुत अच्छी लगती है बचपन से हिंदी जो पढ़ती आ रही हूँ ! बात तब की है जब मै मैट्रिक में पढ़ती थी ! कभी पढाई में मन ही नहीं लगा, क्लास में पिछली बेंच पर बैठकर रानू, गुलशन नंदा, कर्नल रंजित जैसे लेखकों के उपन्यास पढ़ना शौक ही नहीं पागलपन सवार था तब , नतीजा यह हुआ कि मैथ्स का एक सब्जेक्ट चला गया ! घर में सब नाराज हो गए परीक्षा में  फेल होने से, पर मुझे कोई फरक नहीं पड़ा, तब लगता कि मैथ्स का जीवन में क्यों और कैसे जरुरत है ? आज सालों बाद ओशो को पढकर लगता है कि , तीन एम का  "मैथ्स,म्यूजिक,मेडिटेशन इन तीनों का जीवन में बहुत बड़ा महत्व है" ! इस प्रकार से उपन्यास पढ़ते पढ़ते हिंदी पढ़ने की शुरुवात हुई थी ....तब सरकारी स्कुलों में टीचरों का ध्यान पिछली बेंच पर कम ही जाता था  ...वैसे आज भी सरकारी स्कूलों में कुछ ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ है ! खैर कभी प्रशंसा पाने के लिए नहीं लिखा जब धंदा सबका (लेखन ) एक जैसा ब्लॉग जगत में हो तो प्रशंसा लेन देन तक ही सिमित हो जाती है, बहुत सुन्दर, बहुत बढ़िया, सुन्दर प्रस्तुती, इस प्रकार के वाक्य छोड़ दे तो एक अच्छा तथ्य परक प्रशंसक मिलना बहुत मुश्किल है ! जितना मुश्किल अच्छा प्रशंसक मिलना उतना ही एक तथ्यपरक आलोचक मिलना भी ! आलोचना मेरे मत से दो प्रकार से की जाती है एक प्रेम से दूसरी घृणा से, प्रेम से की गई आलोचना कई बार रचनाकार को और निखारती है किन्तु आलोचक कोई नहीं चाहता ! टिप्पणियाँ अक्सर भ्रम में डाल देती है कुछेक टिपण्णी छोड़  दे तो,..सो मै तो सबका सकारात्मक उपयोग करती हूँ ! बिना टिप्पणी  किये भी ब्लॉग जगत में बहुत सारे लोगों को पढ़ती हूँ प्यार से !

शब्दों से खेलते खेलते अक्सर खेलना आ ही जाता है वो कहते है ना ..."practice makes man perfect" कई बार इस मुहावरे के बारे सोचते हूँ कि, सिर्फ man को परफेक्ट होने के लिए क्यों कहा गया होगा ? अंतर्मन से एक जवाब आता है वुमैन हमेशा ही परफेक्ट रही है पर उसको कभी साबित करने का मौका कभी किसी ने नहीं दिया, वैसे भी साबित भी किसको और क्यों करे ? अपने लिए लिखे सो  लिखते रहिये ...मुझे भी कुछ खास लिखना नहीं आता लेकिन कोशिश जरुर करती हूँ ! विद्वान् होने का अहंकार छोड़ दे तो जीवन एक पाठशाला है जितना रोज सीखेंगे कम ही लगता है ! मेरे लिए हर मनुष्य एक तारा है कोई छोटा है न बड़ा, जो तारा पृथ्वी के जितने करीब है उतना चमकिला दिखाई देता है एक तारे के बारे समझना जितना मुश्किल है उतनाही एक व्यक्ति और उसके व्यक्तित्व को समझना ! अच्छा साहित्य आत्मा का भोजन है ओशो को छोड़कर कभी किसी साहित्यकार से ईर्ष्या नहीं हुई वे दुनिया के बढ़िया साहित्यकार है प्रेरणा उनसे ग्रहण करती हूँ किन्तु  लिखने के बाद जब अपना लिखा हुआ पढ़ती हूँ तो लगता है बहुत बुरा लिखा ! लेकिन कभी कोई फ़िक्र नहीं करती लोग क्या समझेंगे ? भावनाओं को यदि शब्दों के सुन्दर पंख मिल जाय तो आकाश में उड़ने का आनंद ही कुछ और होता है यदि  लक्ष्य उन रहस्यमय हिमाच्छादित पहाडी शिखरों को बनाया गया हो तो, कौन फ़िक्र करता है किसी भी बात की !

आभार ...

( जाते जाते यह बता दूं कि, Sudha Pemmaraju Rao एक संवेदनशील महिला है ! अमेरिका में रहती है अपने परिवार से बहुत प्रेम करती है ! बागवानी का शौक और अपने पेट्स से बहुत लगाव है ! फेसबुक पर सुन्दर सुन्दर पोस्ट शेअर करती है मेरी अच्छी दोस्त है )

बुधवार, 19 दिसंबर 2012

मानवता यूँ ही शर्मसार होती रहेगी ....


हमने सुना है कि,
वासना अंधी और 
कुरूप होती है 
और इसका ताजा उदाहरण 
हम देख भी रहे है 
सामूहिक बलात्कार काण्ड 
दिल्ली में जो हुआ 
इस घटना से 
मानवता जैसे 
शर्म से पानी-पानी 
हो गई है !
जवान बेटियों के 
माता-पिताओं को 
इस घटना ने 
अन्दर तक 
हिला कर रख दिया है ...
मानवता से विश्वास 
उठने लगा है ..
लडकियां घर से 
बाहर निकलने को 
डरने लगी है असुरक्षित 
महसूस करने लगी है 
खुद को,
सबके मन में 
यक्ष प्रश्न प्रताड़ित करते 
क्या होगा उस पीड़ित 
लड़की का ?
क्या वह बच पाएगी ?
अगर बच भी गई तो 
शारीरिक मानसिक पीड़ा से 
कभी उभर पायेगी ?
स्वस्थ जीवन जी पायेगी कभी ?
गली से लेकर संसद तक 
कई सवाल उठने लगे है 
अपराधियों के 
सजा को लेकर 
उन दरिंदों के साथ कैसा 
सलूक किया जाए ?
कैसी सजा दी जाए ?
लेकिन 
मेरा असली सवाल 
सारी मानव जाती से, 
आदमी को 
इंसान कैसे बनाया जाए ?
अन्यथा मानवता 
यूँ ही 
शर्मसार होती रहेगी 
बार-बार लगातार .....

रविवार, 16 दिसंबर 2012

आओ समय के साथ चले ...


मित्रों, देखते ही देखते पुराना साल बीत जाने को और नए साल की शुरुवात होने को है ! बस कुछ ही दिन शेष रह गए है नए साल के आगमन में ! स्टार होटलों में अभी से बुकिंग हो रही है नए साल के आने की ख़ुशी में, लोग जश्न मनाने की तैयारियाँ कर रहे है ! हर साल हम भी अपने नाते,रिश्तेदारों,मित्रों को नए वर्ष की हार्दिक शुभकानाएं देते है ताकि, उनके जीवन में सब कुछ अच्छा ही अच्छा हो ! लेकिन समय को कुछ और ही मंजूर होता है साल के यह दिन किसी के जीवन में खुशिया ही खुशिया लेकर आते है तो किसी के जीवन में दुखद गुजर जाते है ! हर मनुष्य चाहता है कि, उसके जीवन का हर पल,हर दिन, हर साल सुखद रूप में भोगे पर समय के सामने मनुष्य कितना बेबस और विवश है ... अपने अपने कर्म का फल भोगने के लिए ! कहते है ना ..."डाल से टूटे हुए पत्ते पुना डाल पर नहीं लगते ना ही नदी की धारा में बह गया पानी वापिस नहीं लौटता " ! ऐसे ही अच्छा बुरा जो भी समय गुजर गया वह वापिस नहीं लौटता ! इसीलिए विवेकी मनुष्य समय को नष्ट नहीं करते उसका सदुपयोग कर लेते है ! बहुत बार हम कल की खुशियों के लिए आज अभी की छोटी छोटी खुशियों को नजर अंदाज कर देते है  ...छोटी छोटी खुशियों को इकठ्ठा करने में ही जीवन का सार है ! हमारे पास सिर्फ यही तो एक पल है पूंजी के रूप में, इसे व्यर्थ गंवाने की बजाय  जो इस पल को ख़ुशी से जीने की कला जानता है उसे नए साल का इंतजार नहीं करना पड़ता,  जिसका पूरा साल पुराना बीता हो उसका एक दिन नया कैसे हो सकता है ? सोचने जैसी बात है न ? वर्तमान पल और उस पल के महत्व को न समझ पाने के कारण ही नए वर्ष में हम नए दिन की कामना करते है !

समय का चक्र अविराम गति से चलता रहता है उसे कोई रोक नहीं सकता हर परिस्थितियों का मुकाबला करने के लिए अडिग रहे ! परिस्थितियों को हम बदल नहीं सकते पर खुद को उनके अनुकूल बना कर आगे बढ़ा जा सकता है ! दुनिया को बदलने का ठेका हमने नही लिया है समय के अनुरूप हम बदले तो यही बहुत है ! जब तक जीवन है संघर्ष भी है जीवन कायर व्यक्तियों के लिए नहीं है चुनौतियों से लढ़ने से आत्मशक्ति बढती है क्यों न हम भी इस पल में जीकर समय का सदुपयोग करे अपना समय अच्छे कार्यों में लगायें, आओ समय के साथ चले ....!!