रविवार, 15 अप्रैल 2012

हाईटेक हुए है बाबाजी ........


ऐसा कोई दिन नहीं है 
ऐसी कोई रात नहीं 
जहाँ नित नये क़िस्से
दिलचस्प घटनायें 
न हो ऐसा कोई 
शहर नहीं है 
साधु-संत ज्ञानी 
आजकल हर टी. वी.
चैनलों पर छाये है 
हाईटेक हुए है बाबाजी !
ये है सब सत्ता के उपासक 
कनक कामिनी के पुजारी !
इनका काम है पाखंड 
रचाकर छलना मासूमों को 
इनके नाम अनेक पर
 लक्ष्य सबका एक 
सत्ता, रुपया, शासन !
सुनो कुछ गुणों तो 
क्या कहता है 
शास्त्र  पुरान
कण-कण में भगवान 
फिर इनका है क्या काम !
आजकल दुनिया में 
यही तो हो रहा है 
उनमे इनमे कोई 
भेद नहीं है 
एक जैसी कूटनीति 
एक जैसा व्यापार 
फल-फूल रहा है 
जरा ध्यान से देखिये 
बड़ा सूक्ष्म भेद है 
दोनों में 
वे करते है देश के नाम 
ये करते है भगवान के !


शुक्रवार, 13 अप्रैल 2012

छलक-छलक आते है ये आँसू......


                           छलक-छलक आते है ये आँसू 
                           बिन बादल बरस जाते है ये आँसू 
                           इन बहते आँसुओं को मत रोको 
                           इन्हें बहने दो !
                           इन आँसुओं के खारेपन में 
                           जीवन के अनंत दुःख धुल जाने दो !

कभी पूर्व दिशा में उगते सूरज को देख कर, कभी पश्चिम दिशा में अस्त होते सूरज को देख कर, कभी कल-कल बहते झरनों,पहाड़ों को देख कर, कभी  आकाश में बगुलों की उडती पंक्तियों को देख कर तो कभी चाँद तारों को देख कर अनायास हमारे आँसू छलक जाते है ! जिसका कोई कारण नहीं होता ! ज्यादातर ख़ुशी और गम में बहने वाले आँसुओं के बारे में ही हमें पता है ! पर कभी-कभी ऐसा भी होता है आँसू स्वयं छलक जाते है आंखोका कोई दोष नहीं होता ! रोने से मतलब हम सब हमारा अपने आपसे नियंत्रण खोने के रूप में परिभाषित करते है ! कोई रोता है तो हम उसे समझाने जाते है क़ि, क्यों रो रहे हो रोना अच्छी बात नहीं है ! रोने क़ी स्वीकृति किसीको भी नहीं है ! फिर भी स्त्रियों का रोना समाज को स्वीकार्य है लेकिन पुरुषों को तो बिलकुल नहीं ! अगर कोई पुरुष भावना में बहकर रोता भी है तो, बड़ा शर्मिंदगी महसूस करता है ! हंसना स्वास्थ्य के लिये जितना जरुरी है रोना उतना ही जरुरी है ! जब हम हमारी स्वभाविक भावनाओं को दबाते है तो, अनजाने ही नकारात्मक उर्जा का जहर इकठ्ठा करते जा रहे है ! रोना कैसे स्वास्थ्य वर्धक है आइये जानते है वैज्ञानिक क्या कहते है !
वैज्ञानिक का कहना है क़ि सुबक सुबक कर रोना साधारण रोने से कई ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक है  क्योंकि हम रोने को मुंह,गले,सीने और पेट की मांसपेशियों द्वारा रोकते है ! सुबक सुबक के रोने से मांसपेशियों में निहित तनाव विसर्जित होता है और इसके पश्चात आप मनों-शरीर में एक गहन शांति का अनुभव करते है ! डाक्टर लोवेंन के अनुसार सायनस और ह्रदय की समस्याएं न रोने से होती है ! इनके अनुसार जो पुरुष सहज रूप से रोते है वे लंबा जीते है ! रोना आँखों के तनाव को भी दूर करता है ! रोना भावों का बर्फ के समान पिघलने जैसा है ! जापान में तो आँसुओं की महिमा को जानकर ऐसे क्लब निर्माण किये गए है, जहाँ रोने -धोने वाली फिल्मे दिखाई जाती है ! ऐसे सीरियल दिखाए जाते है जो बहुत भाउक होती है ! ऐसी किताबे लायब्रेरी में रखी जाती है जो भीतर छिपी गहरी भावनाओं को उभार कर लोगो को रुला सके !
तो देर मत करना जब भी मौका मिले जी भर कर रोईये यह मत सोचिये कौन क्या कहता है ! उसी समय आँसुओं को बरस जाने दीजिये फिर आपकी आँखे जिवंत हो उठेंगी,उनमे एक चमक होगी, और आपकी इन आंखोमे आपका कोई अपना जब आँखे डालकर देखेगा या देखेगी बड़ा सुखद अनुभव होगा !

मंगलवार, 10 अप्रैल 2012

जेम्स थरबर की कहानी ......


जेम्स थरबर की एक प्रसिद्ध कहानी मुझे आज पढने को मिली ! बड़ी प्यारी बोध से भरी कहानी है ! हुआ यूँ कि सांपो के देश में एक बार एक नेवला पैदा हुआ ! बड़ा शांतिप्रिय था वह नेवला ! लेकिन नेवलों को उसकी शांतिप्रिय बाते पसंद नहीं आती थी ! इसलिए उन्होंने उसे समझाया कि सांप हमारे दुश्मन है ! पर उस नेवले ने कहा, क्यों ? मेरा उन्होंने अब तक तो कुछ भी नहीं बिगाड़ा ! बड़े बुजुर्गों ने कहा, "नासमझ कही के, तेरा भले ही कुछ भी नहीं बिगाड़ा हो, लेकिन वे सदा से हमारे दुश्मन है ! उनसे हमारा विरोध सदियों से है ! और जातिगत है !  उस शांतप्रिय नेवले ने कहा, जब मेरी उनसे कोई शत्रुता नहीं है तो मै क्यों उनसे शत्रुता पालू? सारे नेवलों कि जाती में यह खबर आग कि तरह फैल गई कि, हमारी बिरादरी में एक गलत सोंच का नेवला पैदा हुआ है !जो सांपो का मित्र है और नेवलों का दुश्मन है ! नेवले के माता-पिता ने कहा 'यह लड़का तो बीमार प्रतीत होता है ! उस नेवले के भाईयों ने कहा यह हमारा भाई तो बुजदिल लगता है ! उसे अनेक विधा समझाया गया कि.हम सांपो के दुश्मन है उनको मार डालना हमारा कर्तव्य है, क्यों कि उनके कारण ही सारी बुराई है ! लेकिन शांतिप्रिय नेवले ने कहा बुराई और अच्छाई तो दोनों में समान है जैसे हम में कोई संत है कोई शैतान वैसे ही उनमे भी है ! खबर फैल गई कि, यह नेवला नेवला नहीं सांप ही है उसकी शकल नेवले क़ी है पर आत्मा वस्तुत; सांप क़ी ही है ! बड़े बूढ़े इकट्ठे हुये बहुत समझाया पर नेवले पर उनके समझाने का कोई असर नही हुआ ! अंत में पंचायत ने यह फैसला सुनाया क़ी इस गद्दार को फांसी दिया जाए ! फिर उस नेवले को सभी ने मिल कर फांसी दे दी !

इस कहानी के अंत में जेम्स थरबर कहते है क़ि, अगर तुम अपने दुश्मनों के हाथ न मारे गए, तो अपने मित्रों के हाथ मारे जाओगे !

इस कहानी को पढ़कर सच में मुझे ऐसा लगा बच्चा जब पैदा होता है तो केवल मनुष्य होता है जैसे जैसे बड़ा होता है समाज क़ी शिक्षा,सभ्यता संस्कृति से एक खास नाम,जाती धर्म का हो जाता है ! उसी रंग में रंग जाता है, उन्ही सब परम्पराओं को जीवन पर्यंत निभाता है ! कितनी ही मूढ़  परम्पराएँ क्यों न हो, जो सोच समझ कर लीक से हटकर चलते है शायद वे ही प्रतिभाशाली व्यक्ति होते है ! लेकिन परिवार समाज के लोग उसे पसंद नहीं करते ना ही उसे सहन कर पाते है !

बुधवार, 4 अप्रैल 2012

मसला पति-पत्नी का, मतलब हंसने का ........


इन दिनों एक के बाद एक व्यस्तताओं में उलझी रही हूँ ! इसलिए ब्लॉग पर नियमित आना नहीं हो रहा है ! वैसे आजकल शादियों का सीजन भी चल रहा है ! कुछ प्यारभरे रिश्ते मनुष्य चाहकर भी मजबूरीवश निभा नहीं सकता और कुछ रिश्ते निभाना उसकी मज़बूरी बन जाती है ! ऐसा ही एक रिश्ता है पति-पत्नी  का ! इसी सिलसिले में आज हंसने हसाने का मूड बना है और आपके लिये खास चुन-चुन कर लेकर आई हूँ कुछ रोचक चुटकुले !
  • सफल शादी का राज .......राज को राज रहने दो !
  • शादी ऐसे ही है जैसे कि होटल में खाना खाने जाना ! जब आपका आर्डर किया हुआ खाना आता है तो आप सोचते है कि बढ़िया होता आपने वह आर्डर दिया होता जो दुसरे ने दिया है !
  • सफल शादी का राज है कुछ जरुरी शब्द ....मै क्षमा चाहता हूँ ! तुम सही हो !
  • जरा सोचिये यदि शादी नहीं होती तो सारी दुनिया के पुरुष यही सोचते रहते कि, उनमे कोई कमी है ही नहीं !
  • पनी पत्नी का जन्मदिन याद रखने का सबसे आसान तरीका है ....एक बार भूल कर दिखाओ !
  • स्त्री यह सोचकर  पुरुष से शादी करती है कि शादी के बाद वह बदल जायेगा और वह नहीं बदलता !  पुरुष यह सोचकर स्त्री से शादी करता है वह बदलेगी नहीं  और वह बदल जाती है !
  • मनोचिकित्सक ने मरीज से कहा .....तुम्हारे घर में तुम्हारी औकात न के बराबर है यह अहसास तुम्हे बचपन से है या विवाह के बाद से ! मरीज ने कहा ...विवाह के बाद से ! फिर तुम बिलकुल ठीक हो ! मनोचिकित्सक ने निश्चिन्त होकर कहा !
  • एक आदमी ने अख़बार में विज्ञापन दिया .....पत्नी चाहिए, .दुसरे दिन उसको सेकड़ो पत्र मिले ! सभी ने लिखा था तुम मेरी ले जा सकते हो!
  • ससुराल से पहली बार मायके लौटी बेटी ने माँ को बताया .......माँ, वे कविता भी लिखते है ! बेटी, कुछ न कुछ बुराई तो हर इनसान में होती है ! माँ बोली !

मित्रों, मनुष्य का अहंकार जब एक दुसरे का उपयोग करना चाहता है तब हिंसा होती है ! फिर चाहे कोई भी रिश्ता क्यों न हो उसे निभाना दुष्कर होगा ! प्रत्तेक व्यक्ति साध्य है साधन नहीं, यह भाव जब मन में हो तो हर रिश्ता गरिमामय बन जाता है ! आप क्या कहते हो? ......

शुक्रवार, 30 मार्च 2012

जीवन को सफ़ल बनाऊँ कैसे



                     तू आज बता दे फूल मुझे
                     मैं तुझ-सी खिल पाऊँ कैसे...


                     तेरे जीवन-पथ पर, बिछे हैं कांटे
                     फिर भी उर में मुस्कान समेटे
                     पल-पल हवा के झोंके-से
                     खुशबू जग में 
बिखेरता है तू
                     तुझ जैसी खुशबू बिखराकर


                     जीवन को महका
ऊँ  कैसे
                     में तुझ सी खिल पा
ऊँ  कैसे...
                                                

                     सुबह को खिलता, साँझ मुरझाता
                     मंदिर मजार पर बलिदान
 चढ़ाता 
                     कितना सफ़ल है जीवन तेरा
                     मुझको खलती मेरी नश्वरता
                     तुझ जैसा बलिदान चढाकर


                     जीवन को सफ़ल
 बनाऊँ कैसे...
                     मै तुझ-सी खिल पा
ऊँ  कैसे...

गुरुवार, 15 मार्च 2012

मरू-उद्यान ....


                                                               हृदय के मरू उद्यान में,
                                                               काव्यों के वृक्ष घने है !
                                                               सतरंगी घटाओं में,
                                                               भावना के पुष्प खिले है !
                                                               अमर बेलों के झुरमुट में,
                                                               कोयल का नित प्रेमगान है !
                                                               शीतल झरनों के संगीत में,
                                                               अनहद का नाद छिपा है !
                                                               पक्षियों की चहचहाहट में,
                                                                जीवन का वीतराग है !
                                                                भूले-भटके पल में,
                                                                चाहे तो विश्राम यहाँ है !

मंगलवार, 6 मार्च 2012

महिला दिवस !


 ८ मार्च हर साल "महिला दिवस" के रूप में मनाया जाता है ! मुझे यह कहते हुये बड़ी ख़ुशी हो रही है कि, महिलाये आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है ! और अपनी जीत का परचम लहरा रही है ! पुरुष प्रधान समाज में कभी उसे लिंग भेद के चलते उसकी योग्यताओं को हमेशा पुरुषों से कमतर लेखा गया ! इसी हीन मानसिकता के चलते उसको पुरुषों से समान हक्क पाने के लिये प्रेरित किया ! और आज देखिये उसे वह सब हक्क प्राप्त है जिसकी वह हक़दार थी !  पढ़ लिख कर आत्मनिर्भर बनने का उसका मिशन लगभग पूरा हो रहा है ! सदियों तक उसे घर की अन्य वस्तुओं क़ी तरह समझा गया था, जिसपर किसी न किसी पुरुष का अधिकार था ! वह जीवन भर के लिये पुरुष क़ी संपत्ति बन गयी थी ! अपने स्वतंत्र निर्णय लेने क़ी स्वतंत्रता उसे नहीं थी ना ही देने क़ी, कभी भी उसे एक साथी क़ी तरह नहीं समझा गया ! लेकिन आज हर परिवार में महिलाये अपना हर प्रकार से सहयोग दे रही है ! सबसे बड़ी बात यह है क़ि वह आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बन गई है ! घर और ऑफिस क़ी दोहरी भूमिका बखूबी निभाते हुये उद्योग जगत में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है ! उच्च पदों पर काम करते हुये अपनी प्रतिभा से उद्योग जगत क़ी पारंपारिक तस्वीर ही बदल रही है ! जिनकी बदलौत हमारे देश क़ी अर्थ व्यवस्था मजबूत हुई है ! जिस तेजी  से विकास दर बढ़ा है उसका सारा श्रेय  उन महिलाओं को जाता है ! जानकारी के अनुसार आज भारत में तीन करोड़ से भी ज्यादा महिलाये विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में कार्यरत है ! यह गर्व क़ी बात है !  और छह करोड़ से ज्यादा महिलायें खेती संबंधी गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है ! आज महिलायें सारे विश्व में महाशक्ति के रूप में उभर कर नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है  इसके साथ-साथ महिलाओं का एक और  पहलु भी उभर कर सामने आ रहा है ! बहुत हद तक उसने कामयाबी तो हासिल की है, लेकिन इस संघर्ष में उसके भीतर बहुमूल्य प्रकृति ने दिए हुये कोमल गुण नष्ट  होने लगे है ! प्रतिक्रिया स्वरूप वह पुरुषी स्वभाव अख्तियार करने लगी है ! पुरुषों के लिये श्रद्धा की कम उपेक्षा की ज्यादा पात्र बन गई है ! उसकी स्वाभाविक कोमलता,कमनीयता शुष्क और व्यक्तित्व कुंठित हो रहा है ! लगता है अपनी मुक्ति के लिये यही कीमत चुकाई है उसने ! यह मेरी व्यक्तिगत सोच है जरुरी नहीं !हर कोई इस विचारों से सहमत हो ! महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाओं के साथ .........जयशंकर प्रसाद जी के कविता की कुछ पंक्तियाँ है यह जो की मुझे हमेशा बहुत अच्छी लगती है !
                                        नारी तुम केवल श्रद्धा हो 
                                        विश्वास रजत नग़ पग तल में 
                                        पियूष स्त्रोत सी बहा करो 
                                        जीवन के सुंदर समतल में !